Saturday, May 18, 2024
Latest:
उत्तराखंड

उत्तराखंड में चुनावी अभियान को धार देने हिमाचल, हरियाणा और दिल्ली से आएंगी टीम, जानें- क्या है भाजपा की रणनीति

 

देहरादून। उत्तराखंड में अगले वर्ष मार्च से पहले चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए सभी दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा ने भी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने संकल्प रथ विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रवाना करने शुरू कर दिए हैं। वार्ड स्तर पर बैठकों का दौर भी चल रहा है, जिनमें सभी कार्यकर्त्ताओं को एकजुट करते मिशन-2022 की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।

भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों 2022 के लिए पार्टी की रीति-नीति व सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए अन्य राज्यों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्त्ताओं का भी सहयोग लिया जाएगा, जो प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सांगठनिक व चुनाव की दृष्टि से जुटेंगे। इस कड़ी में 16 दिसंबर को हिमाचल, दिल्ली और हरियाणा से भाजपा के 168 पार्टी नेताओं व कार्यकर्त्ताओं का जत्था उत्तराखंड आ रहा है।

चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार प्रसार को धार देने के लिए अब दूसरे प्रदेशों के भाजपा नेताओं और कार्यकर्त्ताओं को भी उत्तराखंड में जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। भाजपा उन सभी राज्यों से यहां वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्त्ताओं को लाने की तैयारी कर रही है, जहां अभी चुनाव नहीं हैं। पहले चरण में हिमाचल, हरियाणा और दिल्ली से भाजपा कार्यकर्त्ता उत्तराखंड आ रहे हैं। इन तीनों राज्यों से कुल 168 कार्यकर्त्ता 16 दिसंबर को उत्तराखंड पहुंचेंगे।

प्रदेश संगठन ने इनकी भूमिका भी तय कर दी है। दो-दो कार्यकर्त्ताओं को प्रत्येक विधानसभा में तैनात किया जाएगा, जो स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ घर-घर जाकर प्रचार को गति देंगे और पार्टी द्वारा दी गई अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। इसके अलावा शेष कार्यकर्त्ताओं जिला व प्रांत स्तर पर सांगठनिक दृष्टि से और चुनावी दृष्टि से प्रचार-प्रसार का जिम्मा संभालेंगे। इन्हें भाजपा मुख्यालय से लेकर जिलों में अहम भूमिका दी जाएगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने इसकी पुष्टि की।

धनंजय ढौडियाल (पहाड़ी)

संपादक, संपर्क - 7351010542

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *